Saurabh Das Abroad Controversy: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरभ दास ने विदेश जाने से रोके जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। सौरभ दास ने कोर्ट से मांग उठाई है कि मामले में जल्द सुनवाई की जाए। उनका कहना है कि मामले में आज ही सुनवाई की जाए,
लेकिन कोर्ट ने आज सुनवाई करने से मना कर दिया है। कोर्ट ने इस मामले को कल यानी 26 नवंबर गुरुवार के लिए सूचीबद्ध किया है। इस मामले में सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ कर रही है।
सौरभ दास के वकील ने क्या कहा ?
सौरभ दास के वकील कृष्णेश बापट ने कोर्ट को बताया कि उन्हें एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने विदेश जाने से रोक दिया था। इस दौरान उन्हें न तो रोकने का कोई आदेश दिखाया गया और न ही किसी तरह की लिखित जानकारी दी गई। वकील का कहना है कि उन्होंने यह भी नहीं बताया कि उनके खिलाफ कोई लुकआउट सर्कुलर जारी है या किसी अधिकारी ने उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगाई है।
वकील ने कोर्ट से कहा था कि इस मामले पर आज 25 नवंबर बुधवार को सुनवाई होनी चाहिए, क्योंकि सौरभ दास को 27 नवंबर को ब्रिटेन जाना है और इसके लिए उनकी पहले से व्यवस्था की गई है। अगर मामले की सुनवाई में देरी हुई तो याचिका का कोई फायदा नहीं रह जाएगा। लेकिन कोर्ट ने कहा कि मामले को गुरुवार को सुनवाई के लिए रखा जाएगा। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने कहा, ‘इसे कल के लिए सूचीबद्ध कर दीजिए।’
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल 23 नवंबर की रात सौरभ दास को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। इस दौरान इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट में गड़बड़ियों के बारे में कहा था।दास को ब्रिटेन में कई कार्यक्रमों में शामिल होना था।
इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित एक पैनल चर्चा भी शामिल थी। इसके अलावा उन्हें कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए भी बुलाया गया था।
पासपोर्ट में जन्मस्थान गलत
रिपोर्ट में सामने आया है कि सौरभ दास का पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जारी हुआ था। इसमें उनका जन्मस्थान चेन्नई दर्ज था, जबकि उनका जन्म दिल्ली में हुआ है। इसी अंतर को लेकर पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में उनसे 7 दिन के भीतर जवाब मांगा गया, और यह भी पूछ गया कि उनका पासपोर्ट जब्त क्यों ने किया जाए ?
सौरभ दास ने आरोप लगाया है कि नोटिस फ्लाइट रवाना होने से महज 5 घंटे पहले मिला। उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक गतिविधियों के कारण जानबूझकर विदेश जाने से रोकने का आरोप लगाया। उनका यह भी कहना है कि वह इसी पासपोर्ट पर पहले कई बार विदेश यात्रा कर चुके हैं, लेकिन तब कभी कोई परेशानी नहीं हुई।
