Advertisement Carousel

मुंबई में छिपकर कर रहा था काम, गिरफ्तार होते ही जेल पहुंचा 10 लाख का इनामी माओवादी संजय गोदराम

Woman Express
5 Min Read

पलामू। मुंबई से गिरफ्तार झारखंड-बिहार के टॉप माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई से पलामू लाए गए संजय को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। अब पलामू पुलिस ने संजय गोदराम को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की अर्जी दी है।

संजय गोदराम झारखंड-बिहार में माओवादी संगठन का जोनल कमांडर रह चुका है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों राज्यों में उस पर 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों को अंजाम देने का आरोप है। वह पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है और वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि फिलहाल संजय गोदराम को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे संगठन और उसकी गतिविधियों से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा सकें।

संजय गोदराम की निशानदेही पर जंगलों में सर्च ऑपरेशन, SLR और 200 से अधिक गोलियां बरामद
संजय गोदराम से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पलामू समेत झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस का सर्च अभियान जारी है। इस दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस ने पलामू के महूदंड जंगल से एक SLR राइफल और 200 से अधिक गोलियां बरामद की हैं।

बताया जाता है कि संजय गोदराम माओवादी दस्ते में SLR लेकर चलता था। संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों को लेकर भी उसके पास महत्वपूर्ण जानकारी होने की बात कही जा रही है।

वर्ष 2011 से संजय झारखंड और बिहार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उस पर 2014-15 में पहली बार इनाम घोषित किया गया था। बाद में वर्ष 2018 में इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई थी।

दस्ता छोड़कर फरार हुआ था संजय, नितेश यादव से हुआ था विवाद
संजय यादव उर्फ संजय गोदराम मई 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद माओवादी दस्ता छोड़कर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में माओवादी एरिया कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया था।

जानकारी के अनुसार, गोतिया के साथ जमीन विवाद के बाद संजय माओवादी संगठन में शामिल हुआ था। संगठन में उसकी टॉप कमांडर नितेश यादव के साथ अनबन हो गई थी। बताया जाता है कि जंगल में दस्ता सो रहा था, इसी दौरान संजय मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद वह मुंबई चला गया।

मुंबई पहुंचने के बाद उसने शुरुआत में एक धागा फैक्ट्री में काम किया, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह एक व्यक्ति के घर पहुंचा और वहां दूध दुहने का काम करने लगा। छतरपुर SDPO प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मुंबई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर झारखंड ले आई।

अब 15 लाख के इनामी नितेश यादव और 10 लाख के इनामी मनोहर गंझू पर नजर
संजय गोदराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजर अब माओवादी संगठन के अन्य सक्रिय कमांडरों पर है। पूछताछ में संजय से मिली जानकारी के आधार पर 15 लाख रुपये के इनामी नितेश यादव और 10 लाख रुपये के इनामी मनोहर गंझू को लेकर पुलिस ने अपनी रणनीति तेज की है।

नितेश यादव पर झारखंड और बिहार में 70 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है। उसे दोनों राज्यों में माओवादी संगठन के प्रमुख सक्रिय चेहरों में गिना जाता है। पुलिस अब संजय से मिली जानकारियों के आधार पर संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों और अन्य सक्रिय सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *