देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दिनों INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की गई थी. जिसमें कांग्रेस ने अपने देशभर के कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की थी. इसके बाद भी कई जिलों के पदाधिकारी ही कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं. अब कांग्रेस ने कार्यक्रम में शामिल न होने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है.
भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने रैली में शामिल नहीं होने वाले 215 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई सात राज्यों और उत्तर प्रदेश की केंद्रीय इकाई में की गई है. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक अनुशासन से जुड़ा मामला बताया है.
1 नवंबर को दिल्ली में हुई थी महारैली
दरअसल, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की थी. इस रैली में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए थे. रैली का मुख्य उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताना और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाना था. कांग्रेस ने अपने सभी राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया था.
कैसे पता चला कौन नहीं हुआ शामिल
रैली में उपस्थिति की जांच के लिए युवा कांग्रेस ने खास व्यवस्था भी की थी. पदाधिकारियों को ‘With IYC’ नाम के मोबाइल ऐप पर अपना रजिस्ट्रेशन करना था. इसके अलावा दिल्ली के मिंटो रोड पर बारकोड स्कैनर भी लगाए गए थे, ताकि रैली में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की जानकारी दर्ज की जा सके.
जारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 60 पदाधिकारियों पर कार्रवाई हुई है. वहीं गुजरात में 49, झारखंड में 32, पश्चिम बंगाल में 26, तेलंगाना में 14, हिमाचल प्रदेश में 13, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय इकाई में 11 और हरियाणा में 10 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है.
मध्य प्रदेश में कार्रवाई की सूची में पांच प्रदेश उपाध्यक्ष, 14 प्रदेश महासचिव, 32 प्रदेश सचिव और नौ जिला अध्यक्ष शामिल हैं. सभी का निलंबन अगले आदेश तक जारी रहेगा.
