लोरमी। Lormi Double Murder: मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, दोहरे हत्याकांड के पीछे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का सगा भाई ही था। पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से को लेकर चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने भाई और भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बंद मकान से आ रही थी बदबू, ताला तोड़ने पर मिले शव
मामला ग्राम नवलपुर का है। बंद मकान से तेज बदबू आने के बाद लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला खुलवाया। अंदर 50 वर्षीय नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई कश्यप के शव बिस्तर पर मिले। शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
फॉरेंसिक और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने मामले की जांच के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही तकनीकी इनपुट और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की पड़ताल शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के सगे भाई नंदु कश्यप पर गहराता गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
50 डिसमिल जमीन बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से को लेकर उसका अपने भाई से विवाद और रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते 19 अगस्त की दरम्यानी रात उसने कथित तौर पर कुदरी से हमला कर अपने भाई नंदकुमार और भाभी गौरीबाई की हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुदरी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को मिली सफलता
बंद मकान में मिले दो शवों के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और तकनीकी जांच को जोड़ते हुए मामले की कड़ी आरोपी तक पहुंचाई। पुलिस की इस कार्रवाई से दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है।
