Surguja Murder Case: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में राजमिस्त्री की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शराब के नशे में गाली-गलौज और विवाद इतना बढ़ा कि चाचा-भतीजे ने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में हत्या की वारदात कबूला
मामला लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला टिकरापारा का है, जहां राजमिस्त्री आनंद राम चौधरी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी मुकेश चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी आपस में चाचा-भतीजे हैं। दोनों ने पूछताछ में हत्या की वारदात कबूल की है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शराब के नशे में आरोपियों के घर पहुंचा था। वहां उसने शराब पीने के बाद पेशाब कर दिया और आरोपियों की बुआ से विवाद करने लगा। बुआ के कहने पर आरोपियों ने मृतक को घर से बाहर जाने को कहा, लेकिन कुछ देर बाद जब दोनों आरोपी घर लौटे तो मृतक फिर शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा।
चाचा-भतीजे ने की थी मारपीट
इसी बात से नाराज होकर चाचा-भतीजे ने मृतक के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान मृतक ने जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने फिर उस पर छैनी से हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आखिरकार उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और दोनों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
