सोनिया गांधी ने अपनी नई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने रिश्तों, 2004 में पीएम पद न लेने के फैसले और 1975 के आपातकाल पर कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने लिखा है कि पीएम मोदी सामने आने पर दूसरी तरफ देखने लगते हैं, वहीं आपातकाल को उन्होंने इंदिरा गांधी की गलती करार दिया है।
पीएम मोदी से रिश्तों पर खुलासा: सामने आने पर दूसरी तरफ देखते हैं, पहले जैसा अपनापन नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा है कि वे कभी-कभी स्पीकर के चैंबर जैसे कार्यक्रमों में मिलते हैं और सामने आने पर एक-दूसरे को नमस्ते कर अभिवादन करते हैं। उन्होंने लिखा कि यह पहले के दौर से अलग है, जब विभिन्न दलों के नेता आत्मीयता से मिला करते थे।
सोनिया के मुताबिक, पीएम मोदी दूसरी तरफ देखते हैं ताकि आंख न मिलानी पड़े। हालांकि, उन्होंने किताब में कई मौकों पर मोदी की तारीफ भी की है और आलोचना भी। उन्होंने माना कि मोदी एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर आरएसएस में ताकतवर बने और सत्ताधारी वर्ग के प्रति उनकी असहजता को वे समझती थीं, क्योंकि दिल्ली के ड्राइंग रूम की राजनीतिक चर्चाओं में खुद उन्हें भी भारत की असलियत से दूरी महसूस होती थी।
2004 में क्यों ठुकराया पीएम पद?: राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे कि मां प्रधानमंत्री बनें
साल 2004 में अपनी पार्टी की अपील के बावजूद प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले पर भी सोनिया गांधी ने पर्दा उठाया है। उन्होंने लिखा कि उस वक्त उनके मन में जिम्मेदारी और निजी आशंकाओं के बीच लगातार संघर्ष चल रहा था।
एक ओर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे का दबाव था, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। चुनाव से कुछ महीने पहले बच्चों के साथ हुई चर्चा में जब उनसे सीधे पूछा गया कि पार्टी के जीतने पर क्या वे पद स्वीकार करेंगी, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए साफ कहा था- “बिल्कुल नहीं, मैं बिल्कुल स्पष्ट हूं।” अंत में उन्होंने खुद से कहा कि अपने प्रति ईमानदार रहो और इसे छोड़ दो।
आपातकाल को बताया इंदिरा गांधी की गलती: राजीव खिलाफ थे, संजय गांधी ने दिया था जोर
किताब में सोनिया गांधी ने आपातकाल लागू करने के फैसले को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गलती करार दिया है। उन्होंने लिखा कि बाद में खुद इंदिरा गांधी को भी ऐसा ही महसूस हुआ था। सोनिया के अनुसार, यदि संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता, तो आपातकाल के बाद हुए नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
उन्होंने परिवार के भीतर के मतभेदों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पति राजीव गांधी आपातकाल के फैसले के खिलाफ थे और उन्होंने अपनी मां से अगले चुनाव तक इंतजार करने को कहा था, जबकि छोटे बेटे संजय गांधी ने इसे लागू करने पर जोर दिया था।
बिना किसी इवेंट के सीधे दुकानों पर पहुंची किताब: सिख दंगा और अयोध्या पर भी बात
सोनिया गांधी की यह आत्मकथा बिना किसी औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम के सीधे देशभर के बुकस्टोर्स पर उपलब्ध करा दी गई है। किताब के बाजार में आते ही इसमें किए गए दावों को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। इसमें उन्होंने इमरजेंसी और पीएम पद के अलावा सिख दंगों और अयोध्या के विवादित ढांचे जैसे संवेदनशील विषयों पर भी अपने विचार रखे हैं।
