Anchor Sarla Maheshwari News: भारतीय टेलीविजन इतिहास का एक सुनहरा अध्याय आज हमेशा के लिए बंद हो गया. 80 के दशक में घर-घर अपनी सौम्य आवाज और सटीक हिंदी उच्चारण से पहचान बनाने वाली दूरदर्शन (Doordarshan) की दिग्गज न्यूज एंकर सरला माहेश्वरी (Sarla Maheshwari) का निधन हो गया है. 71 वर्ष की आयु में उन्होंने दिल्ली में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
सादगी और गरिमा की मिसाल दूरदर्शन न्यूज (DD News) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है. डीडी ने लिखा, ‘सरला माहेश्वरी दूरदर्शन की एक सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचक थीं. उन्होंने अपनी सौम्य आवाज, स्पष्ट उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में एक विशेष स्थान बनाया था.’ उस दौर में जब न्यूज एंकर को न्यूज रीडर कहा जाता था, सरला माहेश्वरी अपनी सादगी और संयम के लिए जानी जाती थीं. उनकी शैली ने दर्शकों के दिलों में गहरा विश्वास पैदा किया था.








