Advertisement Carousel

Red Fort Blast Case: एक साल में आतंकवादी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 300 से अधिक गिरफ्तारियों और 73 भगोड़ों की वापसी से मचा हड़कंप

Woman Express
5 Min Read

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किला परिसर के पास हुए कार विस्फोट की पहली बरसी से पहले केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में सतर्कता बढ़ा दी है। 10 नवंबर 2025 को हुई इस घटना के एक साल पूरे होने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, बीते एक साल में देश के आतंकवाद-रोधी सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के साथ सीमापार से संचालित आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पिछले एक साल के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा विदेशों में छिपे 73 वांछित भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है।

पहली बरसी से पहले देशभर में बढ़ाई गई निगरानी
लाल किला विस्फोट की पहली बरसी को देखते हुए केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक साल में आतंकवाद से निपटने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस के बीच समन्वय को भी मजबूत किया गया है। आतंकवादी गतिविधियों को रोकने, संदिग्ध नेटवर्क की पहचान करने और समय रहते कार्रवाई करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान इस अभियान के तहत 300 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विदेशों में छिपे 73 भगोड़ों को प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाया गया है। लाल किले के पास विस्फोट की घटना के बाद आतंकवाद-रोधी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। इसके तहत केंद्रीय जांच एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस ने मिलकर आतंकवादी नेटवर्क, उनके सहयोगियों और सीमापार से संचालित सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई की।

डॉक्टरों के नेटवर्क का हुआ था खुलासा
जांच में सामने आया कि इस कथित आतंकवादी मॉड्यूल में उच्च शिक्षित और पेशेवर लोग शामिल थे। इनमें कश्मीर निवासी बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मुजफ्फर राथर भी शामिल है, जिसके अफगानिस्तान में छिपे होने की आशंका जताई गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले से जुड़े प्रमुख सूत्रधारों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद जांच में तेजी लाते हुए 24 घंटे के भीतर मामले की अहम कड़ियों का पता लगा लिया गया था।

‘प्रहार’ नीति के एजेंडे पर काम
लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने भविष्य में इस तरह के हमलों को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक आतंकवाद-रोधी नीति तैयार करने की जरूरत महसूस की। इसी दिशा में 23 फरवरी 2026 को ‘प्रहार : राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति और रणनीति’ पेश की गई। इस नीति के तहत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की रणनीति अपनाई गई है। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करना है। सितंबर 2026 में राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (DGP) और केंद्रीय एजेंसियों के प्रमुखों की उच्चस्तरीय बैठक में भी इस नीति के व्यावहारिक क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई
‘प्रहार’ नीति के तहत तैयार किए गए सुरक्षा ढांचे का प्रभाव पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ चलाए गए देशव्यापी अभियान में भी दिखाई दिया। इस अभियान में केंद्रीय एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस ने समन्वय के साथ कार्रवाई की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि लाल किले से जुड़ा मामला इसलिए अलग था, क्योंकि इसमें उच्च शिक्षित और पेशेवर लोग शामिल थे। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल हो सकने वाली सामग्री की बिक्री पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसमें अमोनियम नाइट्रेट और अन्य संबंधित सामग्री की बिक्री को लेकर समय-समय पर औचक निरीक्षण करने जैसे कदम शामिल हैं।

जांच एजेंसियों ने देशभर में 100 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की हैं और 300 से ज्यादा संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई में कई कट्टरपंथी मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी नेटवर्क देश के भीतर मौजूद सहयोगियों और स्थानीय स्तर पर काम करने वाले कारिंदों की मदद से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इन नेटवर्क को तोड़ने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों और राज्य पुलिस ने मिलकर कई राज्यों में अभियान चलाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *