हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) नागरिक अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल में आत्महत्या का प्रयास करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस गार्द की आंखों में धूल झोंककर आरोपी के भागने से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
शौचालय जाने के बहाने गया, गेट से हो गया चंपत
फरार आरोपी की पहचान मंडोखरा निवासी सतिंद्र उर्फ सतेंद्र उर्फ कांति के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे की है। आरोपी कांति ने कैदी वार्ड में मौजूद सुरक्षा कर्मी से शौचालय जाने की बात कही। इसके बाद एक कर्मचारी उसे लेकर शौचालय की तरफ गया।
कुछ देर बाद चतुर आरोपी कर्मी को शौचालय के अंदर ही छोड़कर बाहर निकल आया और सीधे इमरजेंसी वार्ड के समीप वाली इमारत के दरवाजे से भाग निकला। कुछ समय बीतने के बाद जब कर्मचारी बाहर आया, तो उसने सोचा कि कांति शायद वापस अपने वार्ड में पहुंच गया होगा लेकिन जब वह वार्ड पहुंचा तो कांति वहां से गायब था। इसके बाद उसने दोबारा शौचालय जाकर देखा, पर आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
CCTV कैमरे में कैद हुआ आरोपी
संदेह होने पर कर्मचारी ने तुरंत साथी पुलिस गार्द और स्थानीय पुलिस को इस चकमे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीमें LNJP अस्पताल पहुंचीं और छानबीन शुरू की। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की गई, जिसमें आरोपी कांति बड़ी चालाकी से सुरक्षा गार्द से बचकर बाहर भागते हुए साफ नजर आ रहा है।
जेल में किया था सुसाइड का प्रयास
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी कांति ने 1 सितंबर को ईशरगढ़ गांव में एक वृद्ध महिला सुंदर देवी के कान से सोने की बालियां झपट ली थीं और भागने लगा था। पीछा कर संदीप नाम के ग्रामीण ने उसे शाहाबाद के बाजार में पकड़ लिया था। बचाव में कांति ने संदीप पर ईंट से जानलेवा हमला भी किया था, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद जिला जेल में बंद कांति ने 3 और 4 सितंबर की दरमियानी रात सुसाइड करने का प्रयास किया। इस दौरान उसके नाक से काफी खून बहने लगा और दिमागी स्थिति बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे तुरंत LNJP अस्पताल के स्पेशल कैदी वार्ड में भर्ती कराया था।
11 संगीन मामलों में नामजद है फरार कांति
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही और कैदी के फरार होने के संबंध में नया मामला दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी कांति बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर करनाल और कुरुक्षेत्र के अलग-अलग थानों में चोरी, झपटमारी, अवैध वसूली और मारपीट के 11 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल, आरोपी को दोबारा शिकंजे में लेने के लिए सीआईए (CIA) की टीमों के साथ-साथ जिलेभर के थानों की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
