Single Post Advertisement

हार नहीं मानी, हौसला नहीं टूटा! गंभीर चोट के बाद लौटे बिलासपुर के अभिजीत, एशियन पैरा गेम्स में जीता मेडल

Woman Express
3 Min Read

बिलासपुर। जिंदगी में मुश्किलें कितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर हौसले मजबूत हों तो हर चुनौती को मात दी जा सकती है। इस बात को बिलासपुर के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अभिजीत सखुजा ने सच कर दिखाया है। गंभीर इंजरी के बाद छह महीने तक बेड रेस्ट पर रहने वाले अभिजीत ने हार मानने के बजाय दोबारा मैदान पर लौटने का संकल्प लिया। कोच और परिवार के सहयोग से उन्होंने शानदार वापसी की और एशियन पैरा गेम्स में बैडमिंटन का कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर में खुशी और गर्व का माहौल है। शहर लौटने पर उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

इंजरी के बाद लगा था, शायद अब नहीं खेल पाऊंगा
अभिजीत सखुजा के लिए यह सफलता हासिल करना आसान नहीं था। इंजरी के चलते उन्हें छह महीने तक बेड रेस्ट करना पड़ा। इस दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब उन्हें लगा कि शायद अब दोबारा खेलना संभव नहीं हो पाएगा। हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। कोच गुरदीप, प्रताप और परिवार के लगातार सहयोग व प्रोत्साहन ने उन्हें मुश्किल दौर से उबरने की ताकत दी। इसी हौसले के दम पर उन्होंने फिर से अभ्यास शुरू किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

खिलाड़ियों को शुरुआत से मिले बेहतर सुविधाएं
अपनी सफलता का श्रेय अभिजीत ने अपने कोच और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि, खिलाड़ियों को शुरुआती दौर से ही बेहतर ट्रेनिंग, आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। अक्सर खिलाड़ियों को पहचान तब मिलती है, जब वे कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, जबकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए सबसे ज्यादा मदद शुरुआत में चाहिए होती है। सही मार्गदर्शन और समय पर मिलने वाला सहयोग खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाता है।

युवाओं को दिया हार न मानने का संदेश
अभिजीत ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि, मुश्किल समय में निराश होने के बजाय खुद पर भरोसा रखना चाहिए और लगातार कोशिश करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि, जब मैं वापसी कर सकता हूं, तो आप भी कर सकते हैं। उनकी यह कहानी उन खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो किसी मुश्किल परिस्थिति के कारण अपने सपनों से पीछे हटने का विचार कर रहे हैं।

अभिजीत की उपलब्धि से बिलासपुर गौरवान्वित
एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अभिजीत ने न सिर्फ अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, बल्कि बिलासपुर को भी गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि पर शहरवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *