Advertisement Carousel

खसरे से बांग्लादेश में हाहाकार, 1,284 लोगों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री ने ली जिम्मेदारी, कहा- यह मेरी नाकामी है

Woman Express
4 Min Read

बांग्लादेश में खसरे के संक्रमण से अब तक 1,284 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 2.4 लाख से ज्यादा संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है।

इस स्वास्थ्य संकट के बीच स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने इसे अपनी व्यक्तिगत नाकामी बताते हुए खुद को फांसी देने की बात कही है, जबकि प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार ने इसके लिए तत्कालीन मोहम्मद यूनुस प्रशासन पर ठीक से टीकाकरण न कराने का आरोप लगाया है।

​स्वास्थ्य मंत्री का बयान: यह मेरी नाकामी, मुझे फांसी पर लटका दो
पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने इन मौतों की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी खुद ली है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘ये मेरी जिम्मेदारी है।

मुझे फांसी दे दो। ये मेरी नाकामी है। लेकिन मैंने पूरी कोशिश की है। ये मेरी सरकार की नाकामी नहीं है।’ उनके इस बयान के बाद से ही देश के राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है।

2.4 लाख से ज्यादा संदिग्ध मामले और 1,284 मौतें
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 9 नवंबर को खत्म हुए 24 घंटों में 2 और संभावित मौतों के साथ कुल मृतकों का आंकड़ा 1,284 तक पहुंच गया है। इनमें से 105 मौतों की पुष्टि लैब जांच में हुई है, जबकि 1,179 संदिग्ध मामले हैं।

पूरे देश में अब तक खसरे के 2.4 लाख से ज्यादा संदिग्ध मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 24,523 मामलों की पुष्टि लैब टेस्ट के जरिए हुई है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से इमरजेंसी वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया है, लेकिन संक्रमण और मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है।

​तत्कालीन यूनुस सरकार पर लापरवाही का आरोप
दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार ने इस भयावह संकट के लिए पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को जिम्मेदार ठहराया है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री एमए मुहित ने कहा कि यूनुस प्रशासन की लापरवाही के कारण ही राष्ट्रीय स्तर पर समय पर टीकाकरण अभियान नहीं चलाया जा सका और इमरजेंसी स्टॉक खत्म हो गया।

मुहित ने बताया कि जांच में सामने आया है कि 2024 के आखिर या 2025 की शुरुआत में होने वाला राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान तत्कालीन सरकार ने नहीं कराया था, और मंत्रालय में इमरजेंसी वैक्सीन स्टॉक तक मौजूद नहीं था। देश में 2020 के बाद से बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन नहीं हो पाया था।

​भारत से 8 फीसदी टीकों की सप्लाई: 6 महीने से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा शिकार
स्वास्थ्य राज्य मंत्री एमए मुहित ने भारत से टीकों की सप्लाई को लेकर किए जा रहे दावों को भी खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल 8 प्रतिशत टीके ही भारत से आए हैं, जबकि बाकी टीके जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया से मंगाए गए हैं।

इन सभी टीकों की जांच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने की है और इन्हें यूनिसेफ (UNICEF) द्वारा मुहैया कराया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस बीमारी से संक्रमित होने वाले ज्यादातर बच्चे छह महीने से कम उम्र के हैं और उन्हें टीके नहीं लगे थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *