Advertisement Carousel

कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल-पहाड़ी इलाके से हथियार और विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिला

Woman Express
3 Min Read

अंतागढ़। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा गांवों के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों का एक डम्प बरामद किया गया। तलाशी के दौरान जवानों को हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सल उपयोग की वस्तुएं मिलीं। सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की संयुक्त टीम कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान मोदेमरका-मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में संदिग्ध डम्प का पता चला। टीम ने मौके की तलाशी ली तो वहां से एक भरमार बंदूक, लगभग एक किलोग्राम संदिग्ध IED मैकेनिज्म, करीब एक किलोग्राम बारूद (गन पाउडर) और दो डेटोनेटर बरामद हुए।

बम डिस्पोजल टीम ने मौके पर नष्ट की संदिग्ध सामग्री
बरामद सामग्री में विस्फोटक और संदिग्ध IED मैकेनिज्म शामिल होने के कारण सुरक्षा बलों ने विशेष सतर्कता बरती। बम डिस्पोजल स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, अन्य बरामद नक्सल सामग्री को जब्त कर लिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला अभियान
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन में की गई। अभियान को बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त था। संयुक्त टीम में जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस के जवान शामिल थे। अभियान के दौरान टीम कमांडर की जिम्मेदारी निरीक्षक निर्मल जांगड़े और बीएसएफ के उप निरीक्षक रजत जेफ ने संभाली।

सीमावर्ती इलाकों में सर्चिंग अभियान जारी
पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बल लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। जंगल और पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी के जरिए नक्सल गतिविधियों से जुड़ी सामग्री की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *