Advertisement Carousel

होटवार जेल में कथित यौनाचार की जांच तेज, पीड़ित को लेकर पहुंची पुलिस; चार जगहों की हुई पहचान

Woman Express
2 Min Read

रांची। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में कथित यौनाचार के मामले में जांच तेज हो गई है। बुधवार को खेलगांव थाना की पुलिस पीड़ित और उसके पिता को लेकर जेल पहुंची। दोपहर करीब 2:30 बजे पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटनास्थल की जानकारी ली। इस दौरान पीड़ित ने जेल परिसर के अंदर चार स्थानों की पहचान की, जहां उसके साथ कथित तौर पर यौनाचार किए जाने की बात सामने आई है। करीब एक घंटे तक घटनास्थल का मुआयना और पूछताछ करने के बाद पुलिस की टीम वापस लौट गई।

मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट में आवेदन
मामले में पीड़ित का मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने में हो रही देरी को लेकर उसके पिता ने बुधवार को अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में आवेदन दिया है। गौरतलब है कि इस मामले में 12 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पीड़ित के पिता के अनुसार, बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया है।

वहीं, जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में पीड़ित के पिता ने बुधवार को खेलगांव थाने में एक पूरक शिकायत भी दर्ज कराई है।

19 लोगों को बनाया गया है आरोपी, छह जेल में बंद
होटवार जेल के कथित यौनाचार मामले में कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और मेडिकल ऑफिसर सहित अन्य लोग शामिल हैं। शेष 16 आरोपियों में से छह फिलहाल जेल में बंद हैं, जबकि बाकी आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है।

जेल में बंद आरोपियों की पहचान पवन राय, रविसर लोहरा, संतोष उरांव, शिव उरांव, धनेश्वर गोरांई और मो. कलाम उर्फ पोगो के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *