Indore News: इंदौर के साउथ तुकोगंज क्षेत्र स्थित मधुर गर्ल्स हॉस्टल में दूषित भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया है. छात्राओं की शिकायत के बाद प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए हॉस्टल को भोजन उपलब्ध कराने वाली मेस को सील कर दिया. बताया जा रहा है कि खराब भोजन खाने से 20 से अधिक छात्राएं बीमार हो गईं, जबकि कुछ को अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा. मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और जिला प्रशासन से की गई थी.
छात्राओं ने की थी लगातार शिकायत
हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं का आरोप है कि उन्हें कई दिनों से खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा था. खाने से बदबू आती थी और कई बार उसमें कीड़े, कॉकरोच, बाल, कंकड़, सिगरेट के टूकड़े तथा अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलती थीं. उन्होंने कई बार मेस संचालक और हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
बीमारी बढ़ने पर खुला मामला
छात्राओं के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से हॉस्टल में रहने वाली कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी थी. शुरुआत में इसे मौसम का असर समझा गया, लेकिन जांच कराने पर पता चला कि समस्या दूषित भोजन के कारण हुई है. कुछ छात्राओं में संक्रमण गंभीर स्तर तक पहुंच गया और लगभग 10 छात्राओं को निजी अस्पतालों में भर्ती कर उपचार कराना पड़ा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
शनिवार को भोजन में कीड़े और बाल मिलने के बाद छात्राओं ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए. वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया. इसके बाद कुछ छात्राओं ने सीएम हेल्पलाइन और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया.
निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमितताएं
जांच के दौरान पता चला कि हॉस्टल में भोजन की आपूर्ति तनुश्री थाली नामक मेस द्वारा की जा रही थी. खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण में पाया कि किचन और भोजन तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. गंदगी के बीच खाना बनाया जा रहा था और खाद्य सामग्री भी अस्वच्छ बर्तनों में रखी गई थी.
मेस के पास था शौचालय
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि मेस के बिल्कुल पास शौचालय बना हुआ था. ड्रेनेज व्यवस्था खराब थी और किचन की टाइल्स भी क्षतिग्रस्त थीं. मौके से गेहूं के आटे और घी के नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल संबंधित मेस को सील कर दिया गया है.








