Advertisement Carousel

15 मौतों के बाद जागा वन विभाग, अब कबराकान हाथी की हर गतिविधि पर रहेगी नजर; रेडियो कॉलर लगाने को मिली मंजूरी

Woman Express
3 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में आतंक का पर्याय बन चुके कबराकान हाथी को लेकर वन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। पिछले छह महीनों में 15 लोगों की जान ले चुके इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति जारी कर दी गई है। इसके बाद हाथी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने दी अनुमति
रेडियो कॉलर लगाने के लिए प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन ने मंजूरी दे दी है। इस अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर और बलरामपुर के डीएफओ को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। इसके लिए विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर कुमकी हाथियों का भी सहयोग लिया जा सकता है। कॉलर लगने के बाद हाथी की लगातार निगरानी होगी और हर 15 दिन में शासन को रिपोर्ट सौंपनी होगी।

महिला को कुचलकर मारने के बाद उदयपुर पहुंचा हाथी
इधर, बीती रात करीब 11 बजे सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर में कबराकान हाथी ने 45 वर्षीय दिलासो, पति अर्जुन को कुचलकर मार डाला। पिछले एक सप्ताह में हाथी के हमले से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

image 12
image 13

महिला की जान लेने के बाद हाथी सूरजपुर से सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र पहुंच गया। खरसुरा, खोंधला, सलका और जरहाडीह होते हुए हाथी झिरमिटी गांव के पास जंगल में पहुंचा, जहां वह सुबह करीब 4 बजे से मौजूद है।

पांच स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से हो रही निगरानी
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर डूमरडीह, धौंरपारा, ललमटिया पारा, आत्मानंद स्कूल और जरहाडीह स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे और पांच अलग-अलग स्थानों से हाथी की निगरानी कर रही है।

वन विभाग की टीम आज से हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का अभियान शुरू करेगी। लगातार हो रही मौतों के बीच अब इस अभियान पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं, हाथी के हमलों से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *