दिल्ली में प्रदूषण से बिगड़ते हालात के बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने अपने विभागों के आधे स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम करने का आदेश दिया है, हालांकि आवश्यक सेवाओं को इस दायरे से बाहर रखा गया है। शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का एक्यूआई (AQI) 373 दर्ज किया गया और पूरे शहर में स्मॉग की घनी चादर छाई रही।
मनजिंदर सिंह सिरसा और पंकज सिंह ने दिया वर्क फ्रॉम होम का आदेश
दिल्ली में लगातार खराब होती वायु गुणवत्ता को देखते हुए मंत्रियों ने अपने विभागों के स्टाफ को घर से काम करने की अनुमति दी है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के एनवायरनमेंट मिनिस्टर मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने विभागों में आधी वर्कफोर्स को घर से काम करने का निर्देश जारी किया है।
सिरसा के पास पर्यावरण विभाग के अलावा फूड एंड सिविल सप्लाई, इंडस्ट्रीज और फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ विभाग की जिम्मेदारी भी है। वहीं, ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर पंकज सिंह ने भी अपने परिवहन विभाग के साथ-साथ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) समेत सभी विभागों को वर्क फ्रॉम होम लागू करने का आदेश दिया है।
GRAP-3 के तहत CAQM की गाइडलाइंस: आवश्यक सेवाओं को रहेगी छूट
ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-3 के तहत कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली सरकार और अन्य एनसीआर राज्य सरकारों को पब्लिक, म्युनिसिपल और प्राइवेट ऑफिसों को 50 फीसदी स्टाफ के साथ संचालित करने तथा बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने पर निर्णय लेने को कहा है।
नियमों के अनुसार, ग्रैप का स्टेज-3 तब लागू किया जाता है, जब एक्यूआई 401 से 450 के बीच ‘सीवियर’ कैटेगरी में पहुंच जाता है, और रिवाइज्ड ग्रैप शेड्यूल के तहत केंद्र सरकार भी अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दे सकती है।
शुक्रवार को 373 रहा दिल्ली का AQI: स्मॉग से घटी विजिबिलिटी
इस बीच, शुक्रवार को भी राजधानी दिल्ली की हवा बेहद जहरीली बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 373 दर्ज किया गया, जो ‘वेरी पुअर’ कैटेगरी में आता है। पूरे शहर में आसमान में स्मॉग की घनी चादर छाई रहने से विजिबिलिटी काफी कम हो गई और बाहर निकलने वाले लोगों को सांस लेने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
