CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर यानी आज प्रदेशभर में दीप प्रज्वलित होंगे.
वहीं बिलासपुर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान पूरे जिले में करीब 10 लाख दीप जलाए जाएंगे. जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे से होगा, जिसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
पुलिस मैदान में जलेंगे 1.25 लाख दीप
पुलिस मैदान में एक लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. इसके साथ ही जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा. रतनपुर में 11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1100-1100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे.
44 ग्राम पंचायतों में हर घर रोशन
अभियान के तहत जिले के चारों विकासखंडों की 44 चयनित ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. जनपद पंचायत बिल्हा के बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदाभ, सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी में हर घर दीप जलाया जाएगा.
कोटा क्षेत्र की पंचायतों में भी होगा दीप प्रज्वलन
जनपद पंचायत कोटा के नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में भी प्रत्येक घर को दीपों से रोशन किया जाएगा.
मस्तूरी और तखतपुर में भी तैयारी
विकासखंड मस्तूरी के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा जनपद पंचायत तखतपुर के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी सभी घरों में दीप जलाए जाएंगे.
शासकीय भवनों और स्कूलों में भी जलेंगे दीप
इसके अलावा जिले के प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है. शाम 7 बजे सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे.
हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलन
प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे. महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं कार्यक्रम में सहयोग करेंगी. ‘जल जनसेवा संकल्प’ के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकेट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे.
