हापुड़. धौलाना थाने में तैनात 25 वर्षीय कॉन्स्टेबल आशीष वर्मा की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना रविवार (13 सितंबर) सुबह थाना परिसर में हुई. आशीष 2025 बैच के सिपाही थे और आगरा के निबौरा थाना क्षेत्र के हीरापुरा गांव के रहने वाले थे.
अप्रैल में हुआ था धौलाना थाने में तबादला
आशीष वर्मा का 24 अप्रैल को स्थानांतरण हुआ था, जिसके बाद उनकी तैनाती धौलाना थाने में की गई थी. रविवार सुबह उनकी पहरा ड्यूटी थी. पुलिस के मुताबिक, कुछ देर तक वह फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे. इसके बाद थाना परिसर में उनकी हालत गंभीर मिली.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
छुट्टी से दो दिन पहले ही लौटे थे ड्यूटी पर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आशीष करीब 15 दिन की छुट्टी के बाद घटना से दो दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे. एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि शुरुआती जांच में मानसिक तनाव और अवसाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
जेब से मिला छह पन्नों का हस्तलिखित नोट
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई के दौरान आशीष की जेब से छह पन्नों का हस्तलिखित नोट मिला. इसमें लंबे समय से मानसिक परेशानी और अवसाद से जूझने व इलाज कराने का जिक्र है. नोट में साथी पुलिसकर्मियों, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के प्रति सम्मान की बातें भी लिखी होने की जानकारी है. पुलिस नोट की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
