Delhi Protest: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है. मंगलवार को एनएसयूआई ने भी प्रदर्शन किया था. इस दौरान रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी. जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया और संसद मार्ग थाने के बाहर धरना देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की. रातभर चली इस मांग के बाद सुबह-सुबह करीब साढ़े 4 बजे पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदयभानु चिब, श्रीनिवास बीवी समेत पार्टी के अन्य नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को संसद मार्ग थाने के बाहर से हिरासत में लिया.
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद श्रीनिवास बीवी ने कहा, “दिल्ली पुलिस भूल रही है कि वो तनख्वाह भारत के लोगों से ही लेती है न कि भाजपा के मुख्यालय से. अमित शाह के इशारे पर NSUI की हमारी दोनों साथियों के ऊपर जो पुलिसिया जुल्म ढाए गए, उसका हिसाब आज नही तो कल जरूर होगा. सुबह 4:30 बजे संसद मार्ग थाने से हमारी गिरफ्तारी सबूत है कि ये सरकार अपनी अंतिम सांसे ले रही है.”
भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदयभानु चिब ने कहा, ‘रातभर FIR मांगी, सुबह 4:30 बजे गिरफ्तार! दिल्ली पुलिस, ये कैसा इंसाफ है? NSUI की साथी रितु बराला और अथिरा का आखिर गुनाह क्या था?’
सीजेपी की ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा
आज दिल्ली में सीजेपी ने ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा निकालने की घोषणा की है. जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. लेकिन इस यात्रा से पहले ही कई कांग्रेसी नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया. दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेसी नेता भड़के हैं.
