Advertisement Carousel

‘सुरक्षा इनपुट’ के नाम पर कार्रवाई नहीं चलेगी! दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र से पूछा- NGO का लाइसेंस क्यों रद्द किया?

Woman Express
5 Min Read

Delhi High Court: दिल्ली हाईकोर्ट ने एक NGO का विदेशी फंडिंग लाइसेंस रद्द करने के मामले में केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय को फटकार लगाई है। कोर्ट ने सवाल किया है कि आखिर वे कौन से सुरक्षा इनपुट थे जिनके आधार पर Socio-Legal Information Centre का FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया ?

कोर्ट का कहना है कि आखिर सरकार कैसे इन इनपुट को गोपनीय बताकर अदालत के सामने भी कोई ठोस जानकारी पेश करने से बच सकती है। कोर्ट साफ तौर पर कहा है कि सुरक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी इतनी गोपनीय नहीं हो सकती कि कोर्ट को भी उसके आधार पर की गई कार्रवाई की वजह न बताई जाए।

मामले में जस्टिस अनूप जयराम भंभानी की पीठ के मुताबिक, सरकार ने दावा करते हुए कहा है कि NGO द्वारा कुछ घपला किया गया था, जिसकी जानकारी उसे सुरक्षा इनपुट के माध्यम से मिली थी। सरकार का यह भी कहना है कि ये इनपुट गोपनीय हैं।

इसलिए इन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन कोर्ट का कहना है कि जब किसी संस्था के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है तो कम से कम अदालत को यह बताना जरूरी है कि आखिर उसके खिलाफ क्या सामग्री मौजूद थी। केवल सुरक्षा इनपुट का हवाला देकर किसी संस्था का रजिस्ट्रेशन रद्द करना उचित नहीं है।

गृह मंत्रालय ने NGO पर आरोप लगाया था कि वह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भारत के सरकारी संस्थानों की गलत छवि पेश कर रहा था। हाईकोर्ट ने इस आरोप पर भी कड़ी नाराजगी जताई है। जस्टिस भंभानी ने कहा कि यह आरोप भरोसा करने लायक नहीं है। कोर्ट का कहना है कि सरकार की तरफ से NGO को इस तरह पेश करने की कोशिश को भी बेबुनियाद है।

कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा ?
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि NGO का FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश गलत और कानून के खिलाफ है। यह कार्रवाई न केवल अनुपातहीन थी। वहीं इसका असर भी बेहद गंभीर था। कोर्ट ने सरकार के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसके माध्यम से NGO का विदेशी फंडिंग लाइसेंस खत्म किया गया था।

हाईकोर्ट ने FCRA की धारा 14(2) का हवाला देते हुए कहा कि किसी NGO का रजिस्ट्रेशन रद्द करने से पहले उसे व्यक्तिगत सुनवाई का मौका देना जरूरी है। केवल कारण बताओ नोटिस जारी कर देना काफी नहीं है। खासकर तब जब इस कार्रवाई से किसी संस्था का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो सकता है और उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

NGO के खिलाफ पहले नहीं थी शिकायत-कोर्ट
सोशल लीगल इन्फॉर्मेशन सेंटर ने गृह मंत्रालय के 17 अक्टूबर 2022 के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसके तहत उसका FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया था। इससे पहले फरवरी 2022 में ही संस्था का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया गया था। इसके साथ ही उसके विदेशी चंदे वाले बैंक खातों पर रोक लगा दी गई थी।

कोर्ट का कहना है कि इस NGO के खिलाफ पहले न तो कोई शिकायत थी और न ही उसके खिलाफ ऐसी कोई प्रतिकूल कार्रवाई की गई थी। यह संस्था पिछले 3 दशक से ज्यादा समय से समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कानूनी मदद दे रही थी। लाइसेंस रद्द हो जाने से संस्था का कामकाज करीब खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया था।

गृह मंत्रालय ने NGO पर लगाए आरोप
गृह मंत्रालय ने NGO के खातों और रिकॉर्ड की जांच के बाद कई गड़बड़ियों का आरोप लगाया था। इसमें केवल वकील कॉलिन गोंसाल्विस और गायत्री सिंह की बार एसोसिएशन की सदस्यता फीस का भुगतान करना और NGO के कार्यालय के लिए इस्तेमाल हो रही जगह का किराया कॉलिन गोंसाल्विस को देना शामिल था।

सरकार ने यह भी आरोप लगाया था कि NGO ने दक्षिण एशियाई देशों में ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाकर विदेशी नागरिकों को फायदा पहुंचाने के लिए विदेशी चंदे का इस्तेमाल किया हालांकि हाईकोर्ट ने इन आरोपों के आधार पर की गई कार्रवाई को सही नहीं माना।

हाईकोर्ट ने NGO को अपने FCRA रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण के लिए फिर से आवेदन करने की परमिशन मांगी है, इसके साथ ही केंद्र सरकार को निर्देश जारी किए गए हैं कि आवेदन पर जल्द फैसला लिया जाए। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि नए आवेदन पर फैसला करते समय पहले लगाए गए कथित उल्लंघनों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *