रायपुर। बेमेतरा जिले के बेरला स्थित उत्सव डेयरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 2000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर, लगभग 150 किलो मिल्क केक, बूंदी के लड्डू सहित 3050 किलो खाद्य सामग्री नष्ट करा दी है। दिवाली के बाद बचे खाद्य पदार्थों को कोल्ड स्टोरेज में भारी गंदगी के बीच रखा गया था। जांच के लिए नमूने लेने के बाद जांच टीम ने नगर-पंचायत की गाड़ी बुलाकर उन्हें नष्ट करा दिया गया।
शिकायत पर उत्सव होटल में FDA की दबिश
कंट्रोलर दीपक अग्रवाल ने त्योहार के बाद भी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी आधार एफडीए की राज्य स्तरीय निगरानी टीम ने रविवार को बेमेतरा जिले के बेरला स्थित उत्सव होटल में दबिश दी। शिकायत मिली थी कि वहां बेचे जा रहे खाद्य पदार्थ गुणवत्ताहीन और खराब है। इस आधार पर जांच शुरू की गई तो टीम भौचक्क रह गई।
कोल्ड स्टोरेज में गंदगी के बीच रखी मिलीं बासी मिठाइयां
संस्थान के कोल्ड स्टोरेज के बीच भारी गंदगी के बीच त्यौहार में बिक्री के बाद बची मिठाईयों के साथ खोवा, पनीर, घी, आटा सहित अन्य खाद्य पदार्थों को रखा गया था। जांच के दौरान इन सामानों से बदबू भी आ रही थी। प्रतिष्ठान के संचालक से पूछताछ के दौरान उसने खाद्य पदार्थों के त्योहार के बाद बचे होने की बात स्वीकार की। इस दौरान थोक मात्रा में वहां रखे गए पनीर और खोवा के साथ घी को संदिग्ध मानते हुए जांच के लिए नमूने एकत्रित किए गए है।
छापेमारी के दौरान विवाद भी
सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव एवं आशीष यादव ने बताया कि खाद्य पदार्थ खराब होने की स्थित में आ गए थे। इसे देखते हुए नगर पंचायत की ट्रेक्टर मंगाकर उसे नष्ट करा दिया गया। छापेमारी के दौरान वहां तनातनी जैसी स्थिति भी बन गई थी। अधिकारियों का कहना है कि सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर कारोबारी के खिलाफ खाद्य एवं औषधि अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएंगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन 16 से 30 नवंबर को जांच के लिए विशेष अभियान भी चलाने की तैयारी में है।
