Advertisement Carousel

सक्ती में पुलिस रेड के बाद युवक की मौत से बवाल, गंगासागर तालाब से बरामद हुआ महेश केवट का शव

Woman Express
4 Min Read

CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन दिन से लापता 38 वर्षीय महेश राम केवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से बरामद हुआ. महेश 22 नवंबर की रात से लापता था. उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोरों के बाद बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी. ग्रामीणों का आरोप है कि जुआ खेलने पर पुलिस की दबिश के दौरान हुई कथित मारपीट के डर से महेश ने तालाब में छलांग लगा दी थी.

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. कांग्रेस और परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है.

ट्रेनी टीआई सस्‍पेंड
मामले में जांच करते हुए SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए ट्रेनी टीआई को सस्पेंड करके लाइन अटैच कर दिया.

दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था महेश
जानकारी के मुताबिक, महेश गांव में दुकान चलाता था. 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था. उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद उनके घर रखवाली करने जा रहा है. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. अगले दिन सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. महेश की पत्नी गणेशी केवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

महेश की तलाश के दौरान गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिला. ग्रामीणों के अनुसार, 22 नवंबर की रात गांव में कुछ लोग ताश खेल रहे थे. इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आरोप है कि इसी दौरान महेश ने तालाब में छलांग लगा दी. ग्रामीणों ने पुलिस पर कुछ युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
महेश के तालाब में डूबने की आशंका पर 23 नवंबर को स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की. सफलता नहीं मिलने पर 24 नवंबर को बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई. लगातार तलाशी के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे उसका शव बरामद हुआ. एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

ट्रेनी थाना प्रभारी पर आरोप, चक्काजाम
कांग्रेस नेता कुशल कश्यप ने आरोप लगाया कि घटना वाली रात करीब 2 बजे ट्रेनी थाना प्रभारी जयराम साहू अन्य लोगों के साथ गांव पहुंचे थे. कांग्रेस और परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने, संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और परिवार मुआवजा देने की मांग की है. मांगों को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया.

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने कहा कि मामले में परिजनों की आशंकाओं और ग्रामीणों के आरोपों समेत सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी. मामला हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव का है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *