मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां ट्रक और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर लिया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवारों की मौत
यह घटना मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 16 के रहने वाले थे। दोनों एक ही बाइक में सवार थे, तभी कठौतिया के पास उन्हें ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
ट्रक में आग का वीडियो आया सामने
इसके साथ ही पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरु कर दी है। वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रक धू-धूकर जल रही है और उसके आसपास से गाड़ियां भी गुजर रही है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
