सुकमा। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ सुकमा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे 7 वाहन चालकों को कार्रवाई के दायरे में लिया है। इनमें से 5 चालकों से 30 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला गया, जबकि 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले 7 चालकों पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना सुकमा कोतवाली पुलिस ने 9 नवंबर को विशेष कार्रवाई की। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले बुलेट चालकों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 7 वाहन चालक पकड़े गए। इनमें से 5 चालकों से 30,300 रुपये समन शुल्क वसूला गया, जबकि 2 मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया।
इन वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
सुकमा पुलिस की कार्रवाई में मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद अय्यान, ऋषभ पेददी, रजत मलिक, दंतकुर्ति ज्ञानेन्द्र, देवेंद्र टांडी और अजय वर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी सुकमा निवासी बताए गए हैं।
बुजुर्गों और बच्चों को होती है परेशानी
वाहनों में नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालना ध्वनि प्रदूषण का बड़ा कारण बनता है। इससे शहर के आम नागरिकों के साथ बुजुर्गों, बच्चों, विद्यार्थियों और बीमार लोगों को काफी परेशानी होती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
नियम तोड़ने वाले वाहनों की सूचना पुलिस को दें
सुकमा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। इसके साथ ही नागरिकों से भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो या वीडियो पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479191300 पर भेजकर सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अनावश्यक तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर वाहन चलाते समय दूसरों की सुविधा और शांति का ध्यान रखना भी जरूरी है।
