रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध लगातार जारी है। इसी कड़ी में 4 नवंबर को पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन करने उतरी भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं पर अब पुलिस ने कार्रवाई की है। ओसीएम चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठकर जाम लगाने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसमें एंबुलेंस और स्कूल बसें भी घंटों फंसी रहीं।
मार्च करने निकले थे 100-150 कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक, पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में भीम आर्मी के बैनर तले करीब 100 से 150 कार्यकर्ता 4 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करने निकले थे। इस दौरान प्रदर्शनकारी ओसीएम चौक पहुंचे और मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारेबाजी की। सड़क जाम होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंसीं
प्रदर्शन के दौरान लगे जाम का असर आम नागरिकों के साथ मरीजों और स्कूली बच्चों पर भी पड़ा। मरीजों को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस और बच्चों को घर छोड़ने वाली स्कूल बसें भी घंटों जाम में फंसी रहीं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाकर प्रदर्शन करने के लिए कहा गया, लेकिन कार्यकर्ता मुख्य सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।
दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस की समझाइश के बावजूद सड़क से नहीं हटने और यातायात बाधित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा, युवराज ढीढी समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
