Telangana Accident: तेलंगाना के खम्मम जिले में बड़ा हादसा हो गया। बेथुपल्ली झील में फंसे मछुआरों को बचाने के अभियान के दौरान स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की दो नावें पलट गईं। हादसे के बाद करीब 10 जवान लापता हो गए हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
बुधवार शाम सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में SDRF के जवान दो नावों के जरिए बचाव अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दोनों नावें पलट गईं। जवान झील में फंसे मछुआरों के एक समूह को बचाने के लिए पहुंचे थे।
मुरासु चक्रवात के कारण हो रही भारी बारिश
आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे खम्मम जिले में मुरासु चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण झील और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही खम्मम जिले के कलेक्टर दिवाकर टीएस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने लापता जवानों की तलाश के लिए बचाव टीमों को तैनात किया है।
लापता जवानों के संभावित स्थान का पता चला
तेलंगाना के राजस्व मंत्री पंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि बचाव दलों ने लापता SDRF जवानों के संभावित स्थान का पता लगा लिया है। उन्होंने जवानों को सुरक्षित बचाने की उम्मीद जताई। हालांकि, जवानों की सुरक्षित बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बचाव अभियान लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को हादसे की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने खम्मम जिला कलेक्टर को लापता जवानों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव संजय जाजू को भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए कहा।
NDRF की टीमें भी बचाव अभियान में जुटीं
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के जवानों को भी बचाव अभियान में लगाया गया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर SDRF जवानों के लापता होने पर चिंता जताई।
बंदी संजय कुमार ने कहा कि अधिकारी लगातार संपर्क में हैं और सभी जवानों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खोज और बचाव अभियान जारी है तथा टीमें लापता जवानों का पता लगाने में जुटी हैं।
