अमेरिका में मंगलवार को Apple की iCloud, App Store और Apple Pay जैसी सेवाओं के साथ-साथ खुफिया एजेंसी NSA के आंतरिक संचार नेटवर्क ‘NSA Net’ और Marriott होटल सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई।
हालांकि कंपनियों ने साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है, लेकिन एक हफ्ते के भीतर विमानन, बैंकिंग और खुफिया तंत्र में आई इन गड़बड़ियों को लेकर ट्रंप प्रशासन से जवाब मांगा जा रहा है।
Apple की कई सेवाओं में खराबी: अमेरिका के अलावा ब्राजील और ग्रीस में भी असर
अमेरिकी समयानुसार मंगलवार को एप्पल के हजारों यूजर्स को कंपनी की प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में भारी परेशानी हुई। आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector पर दोपहर करीब 12 बजे के बाद शिकायतों में तेजी आई, जिसमें यूजर्स ने iCloud, App Store, Apple Pay, एप्पल वॉलेट, एप्पल म्यूजिक और एप्पल केयर में दिक्कत की बात कही।
कई यूजर्स के अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो गए और दोबारा लॉगिन करने पर उन्हें कनेक्शन एरर या वेरिफिकेशन की समस्या झेलनी पड़ी, जिससे नए डिवाइस एक्टिवेट करने में भी बाधा आई। यह परेशानी अमेरिका के अलावा ब्राजील, ग्रीस और लातविया तक फैल गई।
बाद में एप्पल ने स्पष्ट किया कि यह किसी साइबर हमले का मामला नहीं था, बल्कि एक इंटरनल सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण कुछ सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिन्हें धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया।
खुफिया एजेंसी NSA का गोपनीय कम्यूनिकेशन नेटवर्क और Marriott होटल सिस्टम भी प्रभावित
Apple की सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) के गोपनीय कम्यूनिकेशन नेटवर्क में भी तकनीकी समस्या सामने आई। मंगलवार को नियमित मेंटेनेंस के दौरान एजेंसी का ‘NSA Net’ नामक आंतरिक संचार नेटवर्क अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया, जिसका इस्तेमाल कर्मचारी गोपनीय सूचनाओं के सुरक्षित आदान-प्रदान के लिए करते हैं।
अमेरिकी अधिकारी ने ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ को बताया कि नेटवर्क में कुछ समय के लिए तकनीकी गिरावट जरूर आई थी, लेकिन एजेंसी की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण क्षमताएं पूरी तरह काम कर रही थीं और स्थिति के आकलन के लिए गैर-आपातकालीन कर्मचारियों के दफ्तर पहुंचने का समय अलग-अलग रखा गया।
दूसरी तरफ, अमेरिका की सबसे बड़ी होटल कंपनियों में शुमार Marriott International के सिस्टम में भी मंगलवार को गड़बड़ी आई, जिससे उसके 10,200 होटलों के नेटवर्क में ग्राहकों को रिजर्वेशन और चेक-इन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
178 कंपनियों की वेबसाइटों पर मिलीं खतरनाक स्क्रिप्ट: Zoom, HSBC और CNN भी शामिल
इसी बीच साइबर सुरक्षा शोधकर्ता स्कॉट हेल्मे ने एक अलग और गंभीर साइबर सुरक्षा घटना का खुलासा किया है। उनके मुताबिक, वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म ‘Optimizely’ के जरिए Zoom, HSBC, Equifax, CNN, Salesforce और IKEA समेत 178 बड़ी कंपनियों की वेबसाइटों में खतरनाक जावा स्क्रिप्ट कोड डाला गया था।
