छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्लफ्रेंड से शादी की बात को लेकर हुए विवाद के बाद बॉयफ्रेंड ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के 10 महीने बाद पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में पता चला कि युवती अपने बॉयफ्रेंड पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी नहीं करने पर उसे फंसाने की धमकी भी देती थी।
पुलिस के मुताबिक, इससे परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी। युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।
दोनों के बीच अफेयर था
पुलिस के मुताबिक, बलरामपुर के रहने वाले विकास गुप्ता (22) रायपुर में प्राइवेट फर्म में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनके पिता भटगांव में कॉन्स्टेबल पद पर पदस्थ हैं।
सूरजपुर जिले के भटगांव की आकांक्षा सिदार (21) कोनी में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। उनके बीच लंबे समय से अफेयर था।
शादी की बात पर होता था विवाद
जांच में पता चला है कि आकांक्षा, विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वह शादी नहीं करने पर उसे फंसाने की धमकी भी देती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
होटल के कमरे में खुद को लगाई आग
27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। इसी दौरान उनके बीच फिर शादी की बात को लेकर झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर विकास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी उसी कमरे में मौजूद थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर ले जाया गया, जहां 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद प्रेमिका गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चला कि आकांक्षा विकास को लगातार परेशान कर रही थी। पुलिस ने युवती के व्यवहार और घटना से जुड़े सबूतों के आधार पर उसे सुसाइड के लिए उकसाने का आरोपी माना। इसके बाद शनिवार (21 नवंबर) को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
