नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पुराने इलाके चावड़ी बाजार में गुरुवार को एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ढही हुई इमारत निर्माणाधीन थी और चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के समय इमारत के अंदर कितने लोग मौजूद थे। अधिकारियों की ओर से हताहतों और घायलों की संख्या को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
इमारत गिरने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। बचावकर्मी सावधानी के साथ मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और जनहानि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
