रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को कोर्ट ने 6 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को देर रात PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां लंबी सुनवाई के बाद आधी रात को रिमांड पर फैसला सुनाया गया। अब ईडी 28 नवंबर तक आरोपी से पूछताछ करेगी।
आधी रात तक खुली रही स्पेशल कोर्ट
मामले में दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बहस चली। इसके बाद स्पेशल जज ने आधी रात को फैसला सुनाते हुए ईडी को 6 दिन की कस्टडी सौंप दी। बताया जा रहा है कि रायपुर कोर्ट के इतिहास में पहली बार PMLA स्पेशल कोर्ट में आधी रात तक सुनवाई चली और इसी दौरान आदेश जारी किया गया।
15 करोड़ की रिश्वत के आरोपों की जांच
हिमांशु पाठक पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 15 करोड़ रुपये की रिश्वत लेकर केस निपटाने का आरोप है। ये आरोप सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान लगाए थे। इसी मामले में ईडी आरोपी से पूछताछ कर आरोपों की कड़ियां खंगाल रही है।
दिल्ली समेत कई ठिकानों पर ईडी की दबिश
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने दिल्ली समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की है। मामले में जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और एजेंसी रिश्वत के आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।
