Flydubai Co-Pilot Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है. वैसे-वैसे को-पायलट को लेकर नए खुलासे सामने आ रहे हैं. आरोप है कि उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला किया. इसके साथ ही वह विमान को क्रैश कराने की कोशिश करने लगा. विमान में 170 से ज्यादा यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे.
जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ओमान का नागरिक है. पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रह चुका था. यही वजह है कि इस घटना के बाद से ही हर एंगल पर जांच की जा रही है.
अब तक की जांच में सामने आया है कि को-पायलट के खिलाफ ओमान में विमान उड़ाने से जुड़ी कार्रवाई की गई थी. अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह भी सामने आया कि 2024 में ओमान एयर में प्रशिक्षण के दौरान उसके पास कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री मिली थी. इसके बाद उसे कुछ समय के लिए उड़ान से दूर रखा गया था.
मिनटों में नीचे आने लगा था विमान
घटना के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आ गया था. हालात बिगड़ने पर कैप्टन ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने अंदर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया. विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.
आरोपी से पूछताछ जारी
घटना के बाद आरोपी को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया था. बाद में उसे UAE भेज दिया गया.अब इजरायली अधिकारी भी उससे पूछताछ कर सकते हैं.जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि उसका असली मकसद क्या था? क्या घटना पहले से प्लान की गई थी.
फ्लाईदुबई ने फिलहाल इसे ‘सेफ्टी इंसिडेंट’ बताया है और कहा है कि वह आधिकारिक जांच में पूरा सहयोग कर रही है. इस मामले की जांच फिलहाल कई देशों की टीमें एक साथ कर रही हैं.
