रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार तड़के इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में 16 से अधिक टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की सूचना के आधार पर की जा रही है।
बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर भी जांच
रायपुर और रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी के ठिकाने भी आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। रायगढ़ में चार अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों की कार्रवाई जारी है। यहां दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर दबिश
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी जानकारी के आधार पर तीन ठिकानों पर जांच और पूछताछ की जा रही है।
बिलासपुर में लोहा कारोबारी के यहां छापा
वहीं, बिलासपुर में संभाग के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने छापेमारी की। तीन गाड़ियों में पहुंचे अधिकारियों ने विद्या नगर स्थित उनके निवास पर जांच शुरू की। टीम दस्तावेजों की पड़ताल करने के साथ कारोबारी से पूछताछ भी कर रही है। फिलहाल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक के घर IT की दबिश
छत्तीसगढ़ में इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अब अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक रमेशचन्द्र अग्रवाल के निवास पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। MG रोड स्थित उनके मकान में बुधवार सुबह से IT की टीम जांच में जुटी हुई है।
एक दर्जन से अधिक टीमें कार्रवाई में जुटीं
जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की एक दर्जन से अधिक टीमें इस कार्रवाई में शामिल हैं। सुबह से ही अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की जा रही है। रमेशचन्द्र अग्रवाल सड़क निर्माण के बड़े ठेकेदार माने जाते हैं। फिलहाल छापेमारी किस वजह से की गई है और जांच में क्या सामने आया है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूरजपुर में दो ठिकानों पर एक साथ छापा
IT की टीम ने प्रा ग्रुप के ऑफिस और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल के राइस मिल में छापा मारा है। दोनों जगहों पर टीम के अधिकारी सुबह से ही मौजूद हैं और बारीकी से जांच कर रहे हैं।
दस्तावेजों की हो रही जांच
मिल परिसर में टीम दस्तावेजों, बही-खातों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कर चोरी की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अधिकारी हर कागज को बारीकी से खंगाल रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है, कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
