अंबिकापुर। शहर में 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सामने आया है। खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में कर्मचारियों पर लाखों रुपये चोरी करने का आरोप है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक की, जहां मंत्री राजेश अग्रवाल भी पहुंचे।
कार्रवाई में देरी से नाराज व्यापारी
बैठक में व्यापारियों ने चोरी के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके से ही कोतवाली टीआई को फोन लगाया और मामले में अब तक की कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा।
टीआई ने 2-3 दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा
फोन पर बातचीत के दौरान टीआई ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों के दबाव और नाराजगी के बीच मंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बना लिया है। चोर नहीं पकड़े जा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने आ जाइए।
मंत्री और कोतवाली टीआई के बीच फोन पर हुई इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में व्यापारियों की नाराजगी और मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
