Tiger Shroff Firing Case: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को पकड़ा है. तीनों को सोमवार (19 अक्टूबर) को कोर्ट में पेश किया था. जहां मुंबई पुलिस को न्यायालय ने 48 घंटे की रिमांड दे दी है. आरोपियों ने शुरुआती जांच में कई बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें विदेश जाने का ऑफर मिला था.
35 हजार रुपये मिलने वाले थे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अभिनेता की कार पर फायरिंग के लिए उन्हें 35 हजार रुपये मिलने वाले थे. ये पैसा काम पूरा होने के बाद मिलने वाले थे लेकिन इससे पहले ही तीनों पुलिस की गिरफ्त में आ गए. कोटा पुलिस के मुताबिक गोलीबारी में शामिल रितिक और रेहान 10 दिनों पहले मुंबई पहुंचे थे. दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे अनिल पंडित के संपर्क में थे. इसके साथ ही खुलासा हुआ कि डेढ़ महीने पहले समीर ने रेहान की बात अनिल पंडित से करवायी थी. उसने ही 35 हजार रुपये देने का वादा किया था और विदेश जाने का लालच दिया था.
नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टैक्सी के जरिए मुंबई से सूरत पहुंचे. सूरत रेलवे स्टेशन पर आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ी. बिना टिकट सफर करने के कारण उन पर जुर्माना भी लगाया गया. आरोपियों को कोटा में ही पुलिस ने दबोच लिया.
आरोपी जयपुर पहुंचकर नेपाल भागने की फिराक में थे. बदमाशों के पास से पुलिस को एक बैग मिला है. इसमें तीनों के एक-एक जोड़ी कपड़े थे. इसके साथ ही दो बदमाशों के पास एक-एक मोबाइल भी मिला. वही, एक बदमाश ने मोबाइल रास्ते में कहीं फेंक दिया था. बताया जा रहा है कि उन्होंने हथियार को भी रास्ते में कहीं फेंक दिया.
