Amit Jogi Saurabh Chandrakar Controversy: छत्तीसगढ़ के पहले सीएम अजीत जोगी का बेटा और जेसीसीजे नेता अमित जोगी इन दिनों विवादों में घिरे हुए हैं। हाल ही में अमित जोगी ने एक पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। वहीं, जोगी ने अब महादेव सट्टा के आरोपी सौरभ चंद्राकर को अपना हीरो बताकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। सौरभ चंद्राकर को लेकर अमित जोगी का बयान सामने आने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि अमित जोगी को अपने पिताजी की गरिमा का ध्यान रख लेना चाहिए।
अमित जोगी ने सौरभ चंद्राकर को बताया हीरो
अमित जोगी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि महादेव सट्टा का आरोपी सौरभ चंद्राकर मेरा हीरो है। सौरभ उनके बीच जाकर बैठा है, जो राज करते हैं। वो वह आम छत्तीसगढ़ियों की तरह भोला भला गुलाम नहीं बना। वहीं, अमित जोगी के इस वीडियो पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अमित जोगी को अपने पिताजी की गरिमा का ध्यान रख लेना चाहिए। मीडिया में बने रहने के लिए क्या कुछ भी करेंगे? अमित जोगी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। छत्तीसगढ़ की राजनीति को इतना नहीं गिरना चाहिए।
पीएम मोदी और ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विवादित टिप्पणी
इससे पहले मित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया था। इसके बाद ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से सांकेतिक शादी और हनीमून का दृश्य दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई।
वीडियो डिलीट कर मांगी माफी
वहीं, वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने पोस्ट के जरिए माना कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। जोगी ने लिखा कि वे जिस संदेश को देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था। उन्होंने कहा कि खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात कहना अलग है, लेकिन किसी निजी रिश्ते या स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से पोस्ट हटा दी गई। जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे उन्होंने माफी भी मांगी।
