Durg News: मोहन नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. हैरिटेज स्कूल के पीछे हरिनगर स्थित एक पीजी में विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक चित्रेश सहारे परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया हुआ था. घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
यह है पूरा मामला
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि चित्रेश अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था. इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया. महिला मित्र से कथित तौर पर मिसबिहेव किए जाने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि विवाद के दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया. चाकू के वार पैर और जांघ में लगे.
डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया
गंभीर रूप से घायल चित्रेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है. इधर बेटे की मौत की खबर के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने ने बताया कि आरोपी वैभव मानकर (23), राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम के हर पहलू को खंगाल रही है.
