Advertisement Carousel

अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई का इंतजार! मुंगेली में पार्षदों का फूटा गुस्सा, नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

Woman Express
4 Min Read

मुंगेली। मुंगेली नगर पालिका परिषद में अवैध कॉलोनियों के मामले को लेकर नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिषद की बैठकों में बार-बार विषय उठाने, पार्षदों की शिकायतों और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए जाने के बावजूद कथित अवैध कॉलोनियों अथवा कॉलोनाइजरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है. इससे सवाल उठ रहा है कि क्या नगरीय प्रशासन जमीन कारोबारियों और अवैध कॉलोनाइजरों के आगे बौना साबित हो रहा है?

नगर पालिका परिषद मुंगेली के पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने पर गंभीर आपत्ति जताई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका क्षेत्र में कुछ कॉलोनियां अवैध रूप से विकसित की जा रही हैं, जिनके विरुद्ध परिषद स्पष्ट निर्णय ले चुकी है, लेकिन उन निर्णयों के पालन में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

तीन बार परिषद में चर्चा और सर्वसम्मति से प्रस्ताव
पार्षदों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि नगर पालिका परिषद मुंगेली की सामान्य एवं विशेष सम्मिलन की बैठकों में अवैध कॉलोनियों का विषय गंभीरता से उठाया गया था। परिषद की बैठक दिनांक 07 दिसंबर 2020 के संकल्प क्रमांक 20, 18 जून 2025 के संकल्प क्रमांक 58 तथा 10 दिसंबर 2025 के संकल्प क्रमांक 66 में सर्वसम्मति से अवैध कॉलोनियों के विकास कार्यों पर रोक लगाने, निर्माण कार्य बंद कराने तथा संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्णय लिए गए थे।

पार्षदों का कहना है कि तीन बार स्पष्ट प्रस्ताव पारित होने के बाद भी संबंधित अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक निष्क्रियता को दर्शाता है। परिषद में चर्चा, शिकायतों और प्रस्तावों के बाद भी यदि कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने और पत्राचार तक सीमित रह जाए, तो इससे नियमों के पालन और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

नोटिस पर नोटिस, जवाब तक नहीं…
ज्ञापन में उठाए गए सवालों के बीच एक अहम आरोप यह भी है कि संबंधित कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जवाब नहीं मिल रहा है, लेकिन कार्रवाई आगे बढ़ाने के बजाय मामला पत्राचार तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। पार्षदों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि परिषद के निर्णयों के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। यदि नोटिस का जवाब नहीं दिया जा रहा है, तो नियमानुसार अगली कार्रवाई क्या होनी चाहिए और उसे अब तक क्यों नहीं किया गया?

पार्षदों ने उठाए बड़े सवाल
पार्षदों ने ज्ञापन में मांग की है कि पूर्व में पारित प्रस्तावों के तहत चिन्हित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई, निर्माण गतिविधियों पर रोक, ध्वस्तीकरण एवं संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध कानूनी मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर निर्णय लिया जाए। ज्ञापन में 18 नवंबर को आयोजित परिषद की बैठक में इस विषय पर निर्णय लेने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद कार्रवाई होते दिख नहीं रही है. नाराज पार्षदों ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर के समक्ष मुद्दे को ले जाने के साथ आंदोलन और कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाने की बात कही गई है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *