Advertisement Carousel

छठ के लिए बिहार-UP जाने वालों का सैलाब, रांची स्टेशन पर भारी भीड़; कंफर्म टिकट के नाम पर 500 रुपये तक अतिरिक्त वसूली

Woman Express
4 Min Read

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घर लौटने वालों की भीड़ ने रांची रेलवे स्टेशन पर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी यात्रियों का जबरदस्त दबाव देखने को मिला। हालात ऐसे रहे कि जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। कोच के अंदर शौचालय जाने का रास्ता तक यात्रियों से भरा रहा। वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं होने के बावजूद घर पहुंचने की मजबूरी में लोग किसी तरह ट्रेन में जगह बनाने की कोशिश करते नजर आए।

मौर्या से जनशताब्दी तक ट्रेनों में भारी भीड़
रांची स्टेशन से गुजरने वाली मौर्या एक्सप्रेस, रांची-इस्लामपुर एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी और जनशताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ रही। जनरल कोच में सीट नहीं मिलने के कारण कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।

भीड़ से बचने के लिए हटिया से खुलने वाली और रांची स्टेशन होकर गुजरने वाली ट्रेनों के कई यात्रियों ने हटिया स्टेशन से ही ट्रेन पकड़ना बेहतर समझा, ताकि चढ़ने में परेशानी कम हो।

कंफर्म टिकट के लिए ट्रेवल एजेंटों का सहारा, 500 रुपये तक अतिरिक्त वसूली
छठ के कारण ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। ऐसे में कई यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में यात्री तत्काल और कंफर्म टिकट के लिए ट्रेवल एजेंटों की मदद ले रहे हैं।

यात्रियों के अनुसार, कुछ ट्रेवल एजेंट एक टिकट पर 250 से 500 रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहे हैं। घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्री अधिक पैसे देने को भी तैयार हैं। तत्काल टिकट के लिए भी एजेंटों का सहारा लिया जा रहा है। इस स्थिति ने टिकटों की उपलब्धता और एजेंटों की कथित अवैध वसूली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

15 स्पेशल ट्रेनें भी कम पड़ रहीं, बसों में भी बढ़ी भीड़
छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने 15 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। इससे यात्रियों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ का दबाव बरकरार है। स्पेशल ट्रेनों के जनरल कोच भी यात्रियों से खचाखच भरे रहे।

वहीं, कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों के सामने बस, टैक्सी और निजी वाहनों से सफर करने का विकल्प बचा। खादगढ़ा बस स्टैंड पर बिहार जाने वाली बसों की मांग बढ़ने से किराये में भी अंतर देखने को मिला। यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

रस्सी से बनाई गई कतार, ट्रेन आते ही टूटने लगती है व्यवस्था
स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है। प्लेटफॉर्म पर रस्सी लगाकर यात्रियों की कतार बनाई जा रही है। ट्रेन आने से कुछ मिनट पहले तक यात्रियों को रोका जाता है और फिर बारी-बारी से कोच में चढ़ाया जाता है। बुजुर्ग यात्रियों को भी ट्रेन में चढ़ने में मदद दी जा रही है।

हालांकि, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही सीट पाने की होड़ में कुछ यात्री कतार तोड़कर कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना आरपीएफ के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सुरक्षा बल लगातार स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर निगरानी कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *