Advertisement Carousel

होटल में सन्नी के साथ आई युवती पर संदेह, चार हत्याओं के बाद हमलावरों के साथ फरार होने का दावा

Woman Express
5 Min Read

रोहतक गैंगवार में युवती की भूमिका संदिग्ध: रोहतक के खरावड़ स्थित मिलन होटल में हुई सनसनीखेज गैंगवार में बताया जा रहा कि इस मामले में एक युवती की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर सन्नी रिटौलिया के साथ आई युवती कथित तौर पर हमलावरों के लिए रेकी कर रही थी। वह लगातार फोन कॉल और मैसेज के जरिए जानकारी दे रही थी। युवती की गतिविधियों पर शक होने के बाद सन्नी बहाना बनाकर होटल से निकल गया। इसके कुछ देर बाद ही हिमांशु भाऊ गैंग के 5 हमलावर होटल में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हांलाकि सूचना की अभी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस वारदात में विनीत, रिंकू और यश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास की टेबल पर खाना खा रहा हिमांशु जान बचाने के लिए सीढ़ियों से ऊपर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर गैलरी में गोलियों से भून दिया। इस तरह गैंगवार में कुल 4 लोगों की हत्या हुई।

युवती ने किया हमलावरों को इशारा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सन्नी रिटौलिया अपने साथियों से मिलने युवती के साथ मिलन होटल पहुंचा था। सभी खाना खा रहे थे। इसी दौरान युवती बार-बार फोन पर बात करते हुए होटल में टहल रही थी। उसकी गतिविधियों और कॉल-मैसेज के कारण सन्नी को शक हुआ और वह वहां से निकल गया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों के होटल में घुसने के बाद युवती ने हिमांशु को भागते देखा और उसे मारने का इशारा किया। इसके बाद हमलावरों ने उसका पीछा किया और गैलरी में हत्या कर दी। वारदात के बाद युवती भी हमलावरों के साथ फरार हो गई। हालांकि, इस भूमिका की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

लंबे बालों के कारण हिमांशु को समझा सन्नी
जांच में सामने आया है कि हमलावरों का मुख्य निशाना सन्नी रिटौलिया था। सन्नी के लंबे बाल हैं और मृतक हिमांशु के बाल भी लंबे थे। इसी वजह से हमलावरों ने गलत पहचान के चलते हिमांशु को सन्नी समझ लिया और उसकी हत्या कर दी।

चारों के शरीर पर गोलियों के कई निशान
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, चारों मृतकों के शरीर पर गोली लगने के कई निशान मिले हैं। यश के शरीर से 4, हिमांशु के शरीर से 3 और रिंकू के शरीर से 5 गोलियां मिलीं। रिंकू, यश और हिमांशु के सिर में भी गोली लगी थी। वारदात के दौरान ढाबे पर मौजूद जींद अर्बन एस्टेट निवासी जयदीप के पैर में भी गोली लगी, जिसे पीजीआई में भर्ती कराया गया।

गैंगवार की भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
गैंगवार के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें चार हत्याओं की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने की बात कही गई। साथ ही विरोधी गैंग के लोगों को धमकी भी दी गई।

7 साल पुरानी दुश्मनी में अब तक 10 हत्याएं
हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा कभी करीबी दोस्त थे। वर्ष 2019 में कार और उसकी किस्तों को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था। धीरे-धीरे यह रंजिश गैंगवार में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच बदले का सिलसिला जारी रहा और पिछले 7 वर्षों में इस दुश्मनी से जुड़ी घटनाओं में करीब 10 लोगों की जान जा चुकी है।

पुलिस की 10 टीमें जांच में जुटीं
पुलिस ने होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस की 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले में कुछ संदिग्धों को राउंडअप किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस युवती की भूमिका और वारदात की पूरी साजिश की भी जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *