Advertisement Carousel

रायपुर में जुटेंगे देशभर के दिग्गज साहित्यकार, 8 जनवरी से तीन दिन तक चलेगा साहित्य उत्सव

Woman Express
7 Min Read

Raipur Sahitya Utsav: छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति में रायपुर साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की. इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ निर्धारित की गई है.

छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को मिलेगा मंच-CM
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है. हमारी भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में यहां के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है. रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा.

देश के प्रमुख आयोजनों में बनेगी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था. साहित्यकारों, आयोजन समिति और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा तथा देशभर में इसकी चर्चा हुई.उन्होंने गत वर्ष के सफल आयोजन के लिए सभी साहित्यकारों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस बार महोत्सव को और अधिक व्यापक, भव्य एवं गरिमामय स्वरूप दिया जाए.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे. यह आयोजन केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और नई रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का सशक्त मंच बने.

लोक साहित्य के संरक्षण को मिले विशेष प्राथमिकता–CM
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं एवं बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत समाहित है. इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण तथा संरक्षण आवश्यक है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए. इससे न केवल हमारी सांस्कृतिक विविधता को व्यापक पहचान मिलेगी, बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी जड़ों और समृद्ध विरासत से जुड़ सकेगी.

युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को मिलेगा नया मंच
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ अत्यंत प्रासंगिक है. यह भारत की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करती है. उन्होंने कहा कि साहित्य किसी भी समाज की संवेदनशीलता, विचारशीलता और रचनात्मक चेतना को समृद्ध करता है. ऐसे आयोजनों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिल सके.

CG में रचनात्मक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं-CM
मुख्यमंत्री ने गत वर्ष रायपुर साहित्य उत्सव के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और व्यापक मंच उपलब्ध कराने की है. रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को नई पहचान दिलाने और प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

साहित्यकारों ने साझा किए अनुभव
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने गत वर्ष आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव के अनुभव साझा किए तथा आगामी आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए. साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी रायपुर में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. गत वर्ष के आयोजन से साहित्यकारों और रचनाकारों में नई ऊर्जा तथा उत्साह का संचार हुआ है. इस पहल ने छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की नई संभावनाएं भी विकसित की है.

साहित्यकारों ने साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता की सराहना की. उन्होंने कहा कि साहित्यिक गतिविधियों को शासन स्तर पर प्रोत्साहन मिलने से रचनाकारों का मनोबल बढ़ता है और नई पीढ़ी भी साहित्य एवं सृजन के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित होती है.

साहित्यकारों ने गत वर्ष के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य सरकार और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी साहित्य उत्सव को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता का विश्वास दिलाया. मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, कवयित्रियां, लेखक, लेखिकाएं एवं साहित्य और सृजन जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित थे.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *