Oman Ship Attack: ओमान के तट के पास भारत के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर अज्ञात हवाई वस्तु से हमला किया गया। इस घटना में गुजरात के एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मंत्री के मुताबिक, हमले का शिकार हुए जहाज की पहचान MSV Al Jusufi के रूप में हुई है। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। ओमान के तट के पास समुद्री मार्ग से गुजरते समय जहाज को अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया। हमले में गुजरात के रहने वाले नाविक गंधार नाहिम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
ओमान कोस्ट गार्ड ने 13 नाविकों को बचाया
हमले के बाद जहाज पर मौजूद 13 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ओमान कोस्ट गार्ड ने उनका रेस्क्यू किया। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नाविक की मौत पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मंत्री ने कहा कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। दोनों मिलकर 13 जीवित नाविकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और सभी जीवित क्रू मेंबर्स के साथ मृत नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर चिंता
खाड़ी क्षेत्र और उसके आसपास के प्रमुख समुद्री मार्गों पर जारी तनाव का असर भारतीय नाविकों पर भी पड़ा है। अमेरिका-ईरान संघर्ष और हूती हमलों के बीच इस क्षेत्र से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2026 में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से अब तक कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इनमें 14 नाविक शामिल बताए गए हैं।
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य एक प्रमुख टकराव क्षेत्र बन गया है। इस दौरान मिसाइल और ड्रोन हमलों की चपेट में व्यापारिक जहाजों पर काम करने वाले भारतीय नाविक भी आए हैं। ओमान के तट के पास हुई ताजा घटना ने समुद्री मार्गों पर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
