Kunwar Vijay Pratap Resign: पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है. तभी से पार्टी को एक के बाद एक झटके लगते जा रहे हैं. बीते 24 घंटों के भीतर 3 विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है. चुनाव से पहले यह आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
रविवार को समाना से विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था. सोमवार सुबह अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.
इस्तीफा देने वाले विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए दिल्ली बीजेपी ऑफिस पहुंचे. जहां बीजेपी नेताओं ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया. BJP के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उनका पार्टी में स्वागत किया. इस मौके भाजपा के प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों समेत पंजाब के कई बडे़ नेता मौजूद रहे.
AAP ने पहले कर दिया था पार्टी से बाहर
विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह को आम आदमी पार्टी से पहले ही बाहर कर दिया गया था. उन पर आरोप था कि उन्होंने पार्टी के विरोध में काम किया है.यही वजह है कि उन्हें बाहर कर दिया गया था. बात यह भी है कि वे लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे.
IPS की नौकरी छोड़कर हुए थे AAP में शामिल
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व IPS अधिकारी रहे हैं. साल 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नौकरी छोड़कर उन्होंने आम आदमी पार्टी से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी. लेकिन उनकी यह राजनीतिक पारी 5 साल भी नहीं चल सकी है.
इस्तीफे के बाद क्या बोले विजय प्रताप?
इस्तीफे के बाद विजय प्रताप ने कहा कि आपने जो प्यार और सम्मान मुझे दिया है, उसके लिए मैं अपनी आखिरी सांस तक आपका एहसानमंद रहूंगा.मेरी सबसे बड़ी अचीवमेंट यह है कि मैंने पॉलिटिक्स में “माई-बाप” कल्चर को खत्म किया है. सदन में मैंने हमेशा अमृतसरियों की आवाज उठाई है. यह पहली बार था जब मैंने सदन में गलियों और मोहल्लों का नाम लेकर इलाके के खास मुद्दे उठाए.
