Chhattisgarh Foundation Day: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर बधाई दी है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल, माता कौशल्या की पावन धरा, जनजातीय गौरव और समृद्ध लोक संस्कृति से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ ने अपनी 26 वर्षों की यात्रा में संघर्षों को संभावनाओं और संभावनाओं को उपलब्धियों में बदलते हुए देश के विकास मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बनाई है.
पोस्ट में आगे लिखा कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर मैं ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी का पुण्य स्मरण करता हूं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ और हमारी आशाओं, आकांक्षाओं को नई पहचान मिली.
41 पुरस्कार दिए जाएंगे
छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस को तीन दिनों तक मनाया जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा. इस बार कुल 41 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे. इसमें संस्कृति विभाग के 14 और अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं.
इन श्रेणियों में पुरस्कार दिया जाएगा
राज्य अलंकरण समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दिए जाएंगे. कला एवं संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरूकता समेत अन्य क्षेत्रों में पुरस्कार दिए जाते हैं. पिछली बार 34 श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए थे.
तीजन बाई के नाम पर नया सम्मान
इस साल दो नए सम्मान आयोजित किए जाएंगे. पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर सम्मान वितरित किए जाएंगे. दोनों सम्मानों को राज्य अलंकरण में शामिल किया गया है. ये पुरस्कार पहली बार दिए जाएंगे.
