Raipur to Raoghat-Kurud train: रेलवे ने विजयादशमी के मौके पर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नई ट्रेनों की सौगात दी है. आज 20 अक्टूबर को रायपुर से कुरूद और रायपुर से रावघाट के लिए दो नई ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखकर रवाना करेंगे. रेलवे की इस नई सौगात से यात्रियों का सफर आसान और सुविधाजनक हो सकेगा.
रायपुर में होगा मुख्य कार्यक्रम
बता दें कि आज राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 1:30 बजे किया जाएगा. इसके साथ ही रावघाट रेलवे स्टेशन पर भ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस खास मौके पर वहां के स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान ही ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन भी किया जाएगा. नई ट्रेनों की सौगात से आसपास के लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है.
किराया बस से काफी कम
राजधानी रायपुर से रावघाट की दूरी लगभग 219 किलोमीटर है. रेलवे की रेट लिस्ट के अनुसार, अगर आप रायपुर से रावघाट ट्रेन से सफर करते हैं, तो आपको 55 रुपये किराया देना होगा. वहीं इस मार्ग पर बस का किराया वर्तमान में 300 से 350 रुपये है. यात्रियों को रायपुर से कुरूद जाने के लिए ट्रेन में 20 रुपये किराया देना होगा, जबकि बस का किराया 40 रुपये है. यानी नई ट्रेनों के संचालन से किराए में कमी आएगी और सफर आसान और आरामदायक भी होगा.
रेल बजट में लगातार बढ़ोतरी
सीएम साय के अनुसार, राज्य में लगभग 51,080 करोड़ रुपये की लागत से रेल परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने बताया कि रेलवे विभाग औद्योगिक, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार काम कर रहा है और बेहतर सुविधा व कनेक्टिविटी पहुंचाने का प्रयास कर रहा है. सरकारी रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 का लिए रेल बजट बढ़ाकर 7,470 करोड़ रुपये कर दिया गया है. प्रदेश में लगातार हो रहे रेलवे विकास से न सिर्फ यात्रियों का सफर आसान हो रहा है, बल्कि शहरों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत हो रही है.
