धनबाद। धनबाद के चर्चित वासेपुर इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अपराधियों ने भुली मोड़ के पास तीन लोगों को गोली मार दी। घायलों में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानु खान, छपरा स्टोर का संचालक चंकी और एक महिला शामिल हैं। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भुली मोड़ के पास वारदात, 7 खोखे बरामद
बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अपराधियों ने वासेपुर के व्यस्ततम भुली मोड़ के पास अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत बरवाअड्डा थाना, बैंक मोड़ थाना और भुली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान 7 खोखे बरामद किए हैं। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के अनुसार, तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अफरोज ने बताया कि बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे थे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।पुलिस अब फायरिंग के कारण और हमलावरों की पहचान की जांच कर रही है।
