
अभिनेता सोहेल खान ने हाल ही में रियलिटी शो ‘अलायंस’ के लेटेस्ट एपिसोड में अपने बचपन के एक दर्दनाक किस्से के बारे में बात की। एक्टर ने बताया कि बचपन में उन्हें यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था और कई साल तक उन्होंने इस बात को किसी को नहीं बताया।
सोहेल ने पिता को कई साल बाद बताई अपनी आपबीती
शो के एक कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत करते हुए सोहेल खान कहते हैं, ‘असल में जब मैं छोटा था तो किसी ने मेरा यौन उत्पीड़न किया था और मैंने कई साल तक यह बात किसी को नहीं बताई। जब मैं बड़ा हुआ और एडल्ट बना तो आखिरकार मैंने अपने पिता को यह बात बताई। मैंने उनसे कहा, ‘डैडी, मेरे साथ ऐसा हुआ था।’ उन्होंने मुझसे पूछा, ‘बेटा, तुमने इतने साल तक यह बात अपने अंदर दबाकर रखी?’ मैंने कहा, ‘मुझे माफ करना, लेकिन मुझे इस बारे में बात करने में बहुत शर्म आती थी।’
वह आगे कहते हैं, ‘इसमें मेरी कोई गलती नहीं थी, लेकिन उस समय भी आपको शर्म महसूस होती है। इसलिए मैं बस अपने बच्चों से कहता रहता हूं कि कुछ भी हो जाए, हमेशा अपनी बात को शेयर करो।’
सोहेल ने अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन दिया
शो ‘अलयांस’ में सोहेल ने अपना यह दर्द तब बयां किया जब वह बुलीइंग और रैगिंग के खिलाफ अपनी सख्त राय रख रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके अतीत ने ही उन्हें अपने बेटों, निर्वाण और योहान का मार्गदर्शन करने और उनका साथ देने का तरीका सिखाया है। सोहेल खान कहते हैं, ‘मैं रैगिंग के सख्त खिलाफ हूं। मैंने हमेशा योहान और निर्वाण से कहा है कि बेटा अगर कोई तुम्हें बुली कर रहा है, तो आकर मुझे बताने में शर्माना या झिझकना मत, क्योंकि मैंने खुद इसका अनुभव किया है।’
अभिनेता ने शादी टूटने की वजह भी बताई
सोहेल खान ने इसी शो में पत्नी के साथ अपनी शादी और उनके अलग होने की वजहों के बारे में भी बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘उस समय मेरा काम ठीक नहीं चल रहा था, इसलिए मैं सही मानसिक स्थिति में नहीं था। मेरे व्यवहार की वजह से मैंने उस इंसान को खो दिया जिससे मैं सच में प्यार करता था।’








