Abhijeet Dipke: NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज विरोध प्रदर्शन होगा. इसे कॉकरोच जनता पार्टी कर रही है. इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके शनिवार (6 जून) को सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे. जैसे ही वे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बाहर निकले तो उनके हाथों में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की किताब थी. इसके साथ ही उन्होंने लोगों का अभिवादन किया.
CJP को प्रदर्शन की अनुमति मिली
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी कि उन्हें प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है. जंतर मंतर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रो में सुरक्षा चाक-चौबंद की गई है. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक नई दिल्ली क्षेत्र में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए प्रधानमंत्री आवास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई मंत्रियों के आवास के बाहर सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है.
तिरंगा लाना ना भूलें – दीपके
अभिजीत दीपके ने सभी से जंतर-मंतर पर आने की अपील की है. सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आप सभी से जंतर-मंतर पर मिलने का इंतजार रहेगा. अपने साथ एक किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें. पुलिसकर्मियों के प्रति सहानुभूति और आभार जताने के लिए उन्हें फूल दें. हमें इस आंदोलन को प्यार और शांति के साथ आगे बढ़ाना है. प्रदर्शन की अनुमति ना मिलने पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकर्ता पहले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाने वाले थे. अब अनुमति मिलने के बाद इसे रद्द कर दिया गया है.
सोनम वांगचुक भी हो रहे शामिल
कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ी और भर्ती अनियमितताओं को लेकर किया जा रहा है. CJP ने समर्थकों से नाश्ता करके, किताब और तिरंगा साथ लेकर आने की अपील की है. इस प्रदर्शन में सोनम वांगचुक भी शामिल होने वाले हैं.








