मंगलवार यानी कार्तिक पूर्णिमा की सुबह बिहार के विभिन्न हिस्सों में रिक्टर स्केल पर 5.3 तीव्रता वाले भूकंप ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। इस भूकंप का असर सुपौल, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली और पटना तक देखने को मिला, हालांकि राहत की बात यह है कि राज्य में कहीं से भी किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।
सुपौल में हिलने लगे पलंग और पंखे, पेड़ों से गिरे पत्ते; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
मंगलवार सुबह 7:04 बजे सुपौल शहर के अलावा जिले के प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों में भूकंप के स्पष्ट झटके महसूस किए गए। कंपन के कारण घरों में रखे पलंग, सामान और छत के पंखे हिलने लगे, जबकि कुछ स्थानों पर पेड़ों से पत्ते तक गिरने लगे।
झटका महसूस होते ही घबराए लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय कई लोग अपने रोजमर्रा के कामों में जुटे थे और कुछ लोगों को पहले लगा कि पास से कोई भारी वाहन गुजर रहा है।
पटना, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली में भी डोली धरती, ठंड में सोते रहे कई लोग
सुपौल के साथ ही दरभंगा में सुबह 7:04 बजे और राजधानी पटना, समस्तीपुर व वैशाली में 7:05 बजे के आसपास 2 से 3 सेकंड तक धरती में कंपन महसूस हुई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 दर्ज की गई।
जो लोग सुबह जल्दी जाग चुके थे उन्होंने पंखों और सामान में हलचल महसूस की, जबकि सुबह की ठंड के कारण सो रही बड़ी आबादी की नींद तक नहीं टूटी। अब तक किसी भी जिले से किसी तरह की क्षति की खबर सामने नहीं आई है।
5.0 या इससे अधिक तीव्रता पर बढ़ता है खतरा: समझें रिक्टर स्केल का गणित
भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, 5.0 से कम तीव्रता वाले भूकंप आमतौर पर बड़े नुकसान का कारण नहीं बनते, लेकिन 5.0 या इससे अधिक तीव्रता के भूकंप में जान-माल के नुकसान की आशंका बढ़ जाती है।
हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार 5.0 से कम तीव्रता के झटके भी क्षति पहुंचा सकते हैं। तकनीकी रूप से रिक्टर स्केल पर तीव्रता का प्रत्येक अगला स्तर पिछले स्तर के मुकाबले भूकंपीय तरंगों का लगभग 10 गुना अधिक आयाम दर्शाता है।
