Advertisement Carousel

87 दिन बाद फिर मंदिर पहुंची प्रशासन की टीम, अत्याधुनिक मशीनों से खड़े हनुमान की प्रतिमा की जांच

Woman Express
3 Min Read

उज्जैन। उज्जैन में श्री खड़े हनुमान मंदिर में स्थापित अति प्राचीन प्रतिमा को हटाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के लगभग 87 दिन बाद रविवार सुबह प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ फिर मंदिर पहुंची। हनुमान प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब आधे से पौन घंटे तक अत्याधुनिक मशीन से प्रतिमा की स्कैनिंग की। तड़के मंदिर के पुजारी को बुलाकर जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।

मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, इससे पहले 29 सितंबर को भी टीम मंदिर पहुंची थी, लेकिन उस जांच की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं खड़े हनुमान के मंदिर में प्रशासन की टीम की ओर से की गई स्केनिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह कार्रवाई मंदिर का स्थान बदलने की कोशिश का हिस्सा है।

भाजपा पार्षद ने लगाए ये आरोप
आरोप लगाने वाले भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पौने 6 बजे एक टीम मंदिर पहुंची। मंदिर के पुजारी को घर से बुलवाया गया और कहा गया कि थोड़ी जांच करनी है। इसके बाद मंदिर का सामान हटाकर खड़े हनुमान जी की प्रतिमा की स्क्रीनिंग यंत्रों के माध्यम से जांच की गई।

उनका आरोप है कि इस दौरान कार्रवाई सीसीटीवी में कैद न हो, इसके लिए वहां लगे कैमरों की दिशा बदली गई और आम लोगों को आने से रोकने के लिए रास्ते ब्लॉक कर पुलिस लगाई गई। करीब आधा-पौन घंटा तक जांच चली। इस मामले में पार्षद शिवेंद्र तिवारी बताया कि न तो तेरह अखाड़े मांग कर रहे हैं, न जनता मांग कर रही है, फिर भी कुछ लोग चाहते हैं कि खड़े हनुमान जी का स्थान इस सराफा क्षेत्र से हट जाए।

कुछ अधिकारी स्थान परिवर्तन करने की जिद पर अड़े- शिवेंद्र तिवारी
कुछ दिन पूर्व भोपाल से भी एक टीम आई थी, उसने भी जांच की थी, लेकिन आज तक किसी जांच का प्रतिवेदन समाज को नहीं बताया गया। उन्होंने कहा कि यह स्थान वर्षों से जीवित स्थान है, लोग यहां आते हैं और मनोकामना पूरी होने की मान्यता है। इसलिए बार-बार जांच की आवश्यकता क्यों है, ये सवाल उठ रहा है। तिवारी का कहना है कि उज्जैन के कुछ अधिकारी मंदिर का स्थान परिवर्तन करने की जिद पर अड़े हैं, जबकि हिंदू समाज चाहता है कि भगवान जहां हैं, वहीं रहें। अब इस जांच की रिपोर्ट क्या आती है, इस पर सबकी नजर है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *