ASP Threatens Couple In Hotel: मध्य प्रदेश के सिवनी से पुलिस की शर्मनाक हरकत सामने आई है. एडिशनल पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वे कपल को गांजे रखने के केस में धमकाते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के आने के बाद हड़कंप मच गया है. घटना 13 नवंबर 2026 की बतायी जा रही है. वहीं, इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने टाउन इंस्पेक्टर सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है.
‘इनके बैग में गांजा रख दो’
सिवनी जिले के बाबरिया रोड पर स्थित होटल सिद्धार्थ का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें साफ-साफ सुना जा सकता है कि बालिग कपल टीआई सतीश तिवारी से कह रहा है कि वे शादी करना चाहते हैं. इस पर ASP दीपक मिश्रा कहते हैं कि इनके माता-पिता को फोन लगाकर यहां बुलाओ और दोनों की शादी करा दो. जब युवती ने इस बात से इनकार किया तो एएसपी ने कहा कि लड़के के बैग में गांजा रख दो. करीब 75 सेकेंड का वीडियो अब पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है.
उच्च स्तरीय जांच शुरू
इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने स्थानीय थाना प्रभारी सतीश तिवारी पर कार्रवाई करते हुए लाइन अटैच कर दिया गया है. इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और सिटी पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम की भूमिका की हाई लेवल जांच शुरू कर दी गई है.
‘टीआई कहते हैं पैसे कम पड़ रहे हैं’
सिद्धार्थ होटल के मालिक संजू सनोडिया ने पुलिस पर वसूली पर वसूली आरोप लगाए हैं. मैंने अपने होटल को यश मेश्राम को किराया पर दे रखा है. टीआई सतीश तिवारी और SDOP आते हैं तो पैसों की डिमांड करते हैं. दोनों एक बार 10-10 हजार रुपये का लिफाफा बनाकर दे चुका हूं. टीआई का कहना है कि उन्हें पैसे कम पड़ रहे हैं. उन्हें पैसे बढ़ाकर दिए जाएं. लड़के अपनी मजदूरी निकालेंगे या उन्हें देंगे. आये दिन आते हैं और परेशान करते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि दो दिन पहले वीडियो सामने आया था, जिसमें एएसपी कहते नजर आते हैं कि कपल के बैग में गांजा रखो. इनके ऊपर केस दर्ज करो और होटल को सील कर दो. इन पर प्रशासनिक कार्रवाई होनी चाहिए.
’50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी’
संजू सनोडिया से किराये पर होटल लेने वाले यश कुमार मेश्राम का कहना है कि टीआई, एसडीओपी और यातायात टीआई अक्सर होटल की चेकिंग करते हैं. जो भी कपल रहने आते हैं, उन्हें डराते-धमकाते हैं और बाहर निकालते हैं. कुछ समय पहले SDOP, यातायात टीआई और कोतवाली थाना प्रभारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ आए मुझे खूब मारे. हर महीने 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी.
